देश भर के साथ-साथ रंगिया उप-जिला (सम जिला) प्रशासन के तत्वावधान में 80वें स्वतंत्रता दिवस के भव्य आयोजन की व्यापक तैयारियां की जा रही हैं। रंगिया हायर सेकेंडरी स्कूल के खेल मैदान में आयोजित होने वाले इस केंद्रीय समारोह के मुख्य आकर्षण ‘परेड’ का अभ्यास हाल ही में सफलतापूर्वक पूरा कर लिया गया।
इस परेड में असम पुलिस, अर्धसैनिक बलों, एनसीसी (NCC) और स्थानीय विभिन्न स्कूलों व कॉलेजों के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। परेड में शामिल इन सभी टीमों को योगाचार्य ज्योतिष कलिता द्वारा विशेष प्रशिक्षण प्रदान किया गया।
अभ्यास सत्र के दौरान रंगिया उप-जिला के पुलिस अधीक्षक विश्वजीत डेका उपस्थित रहे, जिन्होंने पूरी परेड का निरीक्षण किया और प्रतिभागियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इस अवसर पर उप-जिला के सहायक आयुक्त वाहेदुज जमां और जिलजिलि थाउसेन भी विशेष रूप से उपस्थित रहे।
वहीं दूसरी ओर, स्वतंत्रता दिवस समारोह को शांतिपूर्ण और अनुशासित माहौल में संपन्न कराने के उद्देश्य से पूरे क्षेत्र में कड़े सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं। पुलिस प्रशासन ने किसी भी अप्रिय घटना से निपटने के लिए गश्त बढ़ा दी है और सुरक्षा व्यवस्था को चाक-चौबंद कर दिया है।



