तिनसुकिया जिले के जागून में पुलिस द्वारा प्रतिबंधित नशीले पदार्थों के खिलाफ लगातार अभियान जारी है। इसी कड़ी में लेदापानी और जागून पुलिस ने एक संयुक्त कार्रवाई के दौरान शुक्रवार को जागून के नौ-मील इलाके से भारी मात्रा में प्रतिबंधित ड्रग्स के साथ दो कुख्यात तस्करों को गिरफ्तार किया है।
गुप्त सूचना के आधार पर की गई इस कार्रवाई के दौरान पुलिस ने एक बिना नंबर के टुकटुकी वाहन को रोका, जो जागून से जयरामपुर की ओर जा रहा था। वाहन की तलाशी लेने पर साबुन की 15 डिब्बियों (केस) में छिपाकर ले जाया जा रहा मादक पदार्थ बरामद हुआ। मौके से किरण शर्मा नामक तस्कर को राष्ट्रीय राजमार्ग-315 पर नौ-मील के पास रंगे हाथों गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने इस कार्रवाई में कुल 195.77 ग्राम ड्रग्स और परिवहन में इस्तेमाल किया गया वाहन जब्त किया है।
इस मामले में आगे की कड़ी जोड़ते हुए पुलिस ने देव बसुमतारी नामक दूसरे ड्रग्स तस्कर को भी धर दबोचा। उसके पास से साबुन की चार डिब्बियों में भरा 52 ग्राम ड्रग्स बरामद किया गया। पुलिस पूछताछ में दोनों गिरफ्तार तस्करों की पहचान जागून फॉरेस्ट गांव के निवासी के रूप में हुई है।
पुलिस ने बताया कि जब्त किए गए कुल मादक पदार्थों का अनुमानित बाजार मूल्य 50 लाख रुपये से अधिक है। विशेष सूत्रों के अनुसार, नशीली दवाओं के खिलाफ यह पूरी कार्रवाई एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी की प्रत्यक्ष उपस्थिति में सफलतापूर्वक संपन्न की गई। इस संबंध में आगे की कानूनी कार्रवाई और कड़ियों का पता लगाने के लिए आरोपियों से गहन पूछताछ जारी है।



