असम के होजाई जिले से एक जनप्रतिनिधि के पति की गुंडागर्दी का गंभीर मामला सामने आया है। होजाई के ढलपुखुरी विकास खंड के अंतर्गत आने वाली मिलिकबस्ती पंचायत की वार्ड सदस्य पिंकी देवी के पति गोपाल चौहान पर इलाके में अपनी दबंगई दिखाने और एक महिला के साथ मारपीट की कोशिश करने का गंभीर आरोप लगा है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, होजाई के दारिया बस्ती की रहने वाली एक महिला के साथ गोपाल चौहान द्वारा खींचतान करने और मारपीट की कोशिश किए जाने का मामला प्रकाश में आया है। आरोपी गोपाल चौहान का विवादों से पुराना नाता रहा है। इससे पहले भी उस पर प्रधानमंत्री आवास योजना जैसे सरकारी घरों के आवंटन के नाम पर गरीब लोगों से अवैध रूप से पैसे वसूलने के गंभीर आरोप लग चुके हैं। पैसे वसूलने की इस खबर को पूर्व में कई मीडिया चैनलों ने प्रमुखता से प्रसारित भी किया था। हालांकि, मीडिया में खुलासा होने के बाद भी गोपाल चौहान के रवैये में कोई सुधार नहीं आया।
क्या है नया विवाद?
आरोप है कि पिछली बार जब अवैध वसूली की खबर मीडिया में आई थी, तब ममता चौहान नाम की एक महिला ने मीडिया के सामने गोपाल चौहान के खिलाफ खुलकर बयान दिया था। इसी बात से खुन्नस खाए गोपाल ने ममता चौहान का एक गुप्त वीडियो बनाने के लिए महमूदा खातून नाम की महिला को लालच देने की कोशिश की।
जब महमूदा खातून ने यह गुप्त वीडियो बनाने से साफ इनकार कर दिया, तो गोपाल चौहान बौखला गया। वह अपने कई साथियों के साथ महमूदा खातून के घर आ धमका और उस पर शारीरिक हमला करने की कोशिश की। साथ ही उसने वीडियो देने के लिए महिला को गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी भी दी। हमले और धमकी देने की यह पूरी घटना घर के ही एक सदस्य ने अपने मोबाइल कैमरे में कैद कर ली, जो अब सामने आई है।
इस घटना के बाद पीड़ित महिला महमूदा खातून ने तत्परता दिखाते हुए मुख्य आरोपी गोपाल चौहान और उसके सहयोगियों के खिलाफ होजाई थाने में एक लिखित शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। अब देखना यह होगा कि होजाई पुलिस इस रसूखदार आरोपी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करती है या फिर अपनी राजनीतिक पहुंच के बल पर आरोपी गोपाल चौहान एक बार फिर कानून के शिकंजे से बच निकलने में कामयाब हो जाता है।



