असम के तिनसुकिया जिले के फिलोबारी क्षेत्र से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहाँ बीती रात अज्ञात चोरों के एक गिरोह ने भारी उत्पाद मचाते हुए एक ही रात में तीन अलग-अलग धार्मिक स्थलों को अपना निशाना बनाया। इस घटना के बाद से स्थानीय निवासियों में भारी आक्रोश और सुरक्षा को लेकर चिंता का माहौल है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, चोरों ने फिलोबारी के ‘घूर्णी शिव मंदिर’, ‘रूपजान नामघर’ और ‘गाभरूभेटी 11 नंबर बामुनगांव’ स्थित ‘श्री श्री काली मंदिर’ में चोरी की वारदातों को अंजाम दिया। चोरों ने रूपजान नामघर के मुख्य द्वार का ताला तोड़कर भीतर प्रवेश किया और गर्भगृह (मणिकूट) में रखे संदूक का ताला तोड़कर उसमें रखे लगभग 50 हजार रुपये की नकदी लेकर फरार हो गए। चोरों ने नामघर के गोदाम को भी नहीं बख्शा और वहाँ भी चोरी की। घटना के बाद नामघर प्रबंधन समिति ने स्थानीय पुलिस को इस मामले की लिखित सूचना दे दी है।
इसी तरह, गाभरूभेटी 11 नंबर बामुनगांव में स्थित ऐतिहासिक श्री श्री काली मंदिर को भी चोरों ने निशाना बनाया। यहाँ चोरों ने मंदिर का दानपात्र तोड़कर उसमें जमा सारी राशि उड़ा ली। इसके अलावा, फिलोबारी घूर्णी में स्थित श्री श्री शिव मंदिर में भी बीती रात ऐसी ही वारदात हुई, जहाँ चोर मंदिर के दानपात्र से पैसे लेकर चंपत हो गए।
केवल धार्मिक स्थल ही नहीं, बल्कि चोरों ने इलाके में एक वाहन चोरी की घटना को भी अंजाम दिया। फिलोबारी के बिष्णुपुर निवासी बाबुल कलिता की पल्सर मोटरसाइकिल (पंजीकरण संख्या: AS 23 N 2302) को भी बीती रात चोरों ने उनके आवास से चुरा लिया। फिलहाल पुलिस इन सभी मामलों की जांच में जुट गई है और चोरों की सरगर्मी से तलाश की जा रही है।



