असम के तिनसुकिया जिले के डिगबोई अंतर्गत पावई क्षेत्र में बीती रात एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहाँ एक कोयला व्यवसायी ने कथित तौर पर एक युवक की ट्रक से कुचलकर नृशंस हत्या कर दी। मृतक की पहचान आकाश तिवारी के रूप में हुई है। आरोप है कि हत्या करने के बाद आरोपी ने मौके पर मौजूद अन्य स्थानीय लोगों को भी जान से मारने की धमकी दी।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, आरोपी कोयला व्यवसायी आकाश सिंह ने अपने ही ट्रक से आकाश तिवारी को बार-बार टक्कर मारी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। चश्मदीदों और स्थानीय लोगों का आरोप है कि रसूखदार आरोपी आकाश सिंह ने इस सुनियोजित हत्या को महज एक सड़क दुर्घटना का रूप देने की पुरजोर कोशिश की थी।
घटना की सूचना मिलते ही डिगबोई पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बीती रात ही मौके पर पहुंचकर आरोपी आकाश सिंह को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने मामले की गहन जांच शुरू कर दी है। दूसरी ओर, अस्पताल में अपने जवान बेटे आकाश तिवारी का शव देख पिता का रो-रोकर बुरा हाल है, जिससे पूरे क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल है।


