असम में नशीले पदार्थों के खिलाफ जारी अभियान के तहत तिनसुकिया जिले के डिगबोई में पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। डिगबोई पुलिस ने एक साहसिक अभियान चलाते हुए दो ड्रग्स तस्करों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। जानकारी के अनुसार, पुलिस ने तस्करों का पीछा कर उन्हें उस समय दबोचा जब वे मार्घेरिटा की ओर से एक कार में सवार होकर डिगबोई की तरफ आ रहे थे।
यह पूरी कार्रवाई डिगबोई थाना प्रभारी (OC) प्रांजल चेतिया के नेतृत्व में अंजाम दी गई। पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि मार्घेरिटा से नशीले पदार्थों की एक खेप डिगबोई की ओर ले जाई जा रही है। सूचना के आधार पर पुलिस दल ने जाल बिछाया और संदिग्ध वाहन को रुकने का इशारा किया, जिसके बाद तस्करों ने भागने की कोशिश की, लेकिन मुस्तैद पुलिस टीम ने उन्हें घेर लिया।
गिरफ्तार किए गए तस्करों की पहचान प्रांजल सैकिया और सत्यजीत हजारिका के रूप में हुई है। पुलिस ने तलाशी के दौरान उनके पास से भारी मात्रा में ड्रग्स और अन्य आपत्तिजनक सामग्रियां बरामद की हैं। इसके साथ ही, तस्करी में इस्तेमाल की जा रही AS01BK6666 नंबर की कार को भी पुलिस ने जब्त कर लिया है। फिलहाल, पुलिस दोनों आरोपियों से पूछताछ कर रही है ताकि इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों का पता लगाया जा सके।



