लोक आस्था का महापर्व छठ न केवल एक अनुष्ठान है, बल्कि यह संस्कृति, परंपरा और छठी मैया के प्रति अटूट विश्वास का प्रतीक है। इस पर्व पर श्रद्धालु कठिन व्रत रखकर पूरी निष्ठा से पूजा-अर्चना करते हैं। हालांकि, असम के तिनसुकिया शहर से एक चिंताजनक मामला सामने आया है, जहां कुछ महिलाएं हाथों में पूजा का डाला लेकर घरों और बाजारों में घूम-घूमकर पैसे मांगती नजर आईं। जब स्थानीय लोगों ने उनसे इस पर पूछताछ की, तो वे संतोषजनक जवाब देने के बजाय मौके से भाग खड़ी हुईं।
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि दूसरे राज्यों से आई कुछ महिलाएं बिहारी समाज की धार्मिक मान्यताओं की आड़ में इस तरह की हरकतें कर रही हैं। इससे छठ पूजा की पवित्रता और समाज की छवि दोनों प्रभावित हो रही हैं। परंपरा के अनुसार, मन्नत पूरी होने पर कुछ श्रद्धालु अपने सगे-सम्बन्धियों या परिचितों से ही प्रतीकात्मक रूप से आभार स्वरूप भिक्षा मांगते हैं, जो उनकी निजी आस्था से जुड़ा होता है। लेकिन बाजारों में आम लोगों से इस तरह पैसे मांगना उस पारंपरिक मान्यता का हिस्सा नहीं है।
इस प्रकार की गतिविधियों को रोकने के लिए सामाजिक स्तर पर जागरूकता की जरूरत है। यदि आपके मोहल्ले या बाजार में भी कोई व्यक्ति छठ पूजा का डाला लेकर पैसे मांगता दिखे, तो उसे पैसे न दें और दूसरों को भी इसके प्रति सचेत करें। यदि आप सच्ची श्रद्धा रखते हैं, तो अपनी क्षमता के अनुसार छठ घाट पर दान करें या किसी जरूरतमंद व्रतधारी की सहायता करें।
छठी मैया का यह पावन पर्व कमाई का जरिया नहीं, बल्कि करोड़ों लोगों की आस्था और त्याग का उत्सव है। कुछ लोगों की गलत गतिविधियों के कारण इस महान संस्कृति की गरिमा को ठेस नहीं पहुंचनी चाहिए। आइए, इस संदेश को दूर-दूर तक फैलाएं ताकि आस्था के नाम पर हो रहे ऐसे कृत्यों पर लगाम लग सके और हमारे पर्व की पवित्रता सुरक्षित रहे।



