होजाई जिला मुख्यालय श्रीमंत शंकरदेव नगर स्थित जिला आयुक्त कार्यालय में आज मसौदा फोटो मतदाता सूची का प्रकाशन किया गया। होजाई के जिला आयुक्त एवं जिले के मुख्य निर्वाचन अधिकारी संजय दत्त ने प्रेस वार्ता के माध्यम से जानकारी दी कि चुनाव आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुसार जिले के तीनों विधानसभा क्षेत्रों—62 नंबर बिन्नाकांदी, 63 नंबर होजाई और 64 नंबर लामडिंग—की समन्वित मसौदा फोटो मतदाता सूची जारी कर दी गई है। प्रकाशित सूची के अनुसार जिले में कुल मतदाताओं की संख्या 7,68,303 है।
विधानसभा क्षेत्रवार आंकड़ों के अनुसार, 62 नंबर बिन्नाकांदी विधानसभा क्षेत्र में कुल 2,71,000 मतदाता हैं, जिनमें 1,39,310 पुरुष, 1,31,687 महिला और 3 अन्य मतदाता शामिल हैं। इस क्षेत्र में सरकारी कर्मचारी मतदाताओं की संख्या 52 और ‘डी’ (संदिग्ध) मतदाताओं की संख्या 211 है। वहीं, 63 नंबर होजाई विधानसभा क्षेत्र में कुल 2,51,898 मतदाता दर्ज किए गए हैं, जिनमें 1,28,592 पुरुष, 1,23,305 महिला और 1 अन्य मतदाता शामिल हैं। यहां 548 सरकारी कर्मचारी मतदाता और 1,411 ‘डी’ मतदाता हैं।
इसके अतिरिक्त, 64 नंबर लामडिंग विधानसभा क्षेत्र में कुल मतदाताओं की संख्या 2,45,405 है। इसमें 1,24,814 पुरुष, 1,20,590 महिला और 1 अन्य मतदाता शामिल हैं, जबकि सरकारी कर्मचारी मतदाताओं की संख्या 281 और ‘डी’ मतदाताओं की संख्या 524 है।
जिला प्रशासन के अनुसार, इस मसौदा सूची को लेकर दावे और आपत्तियों के निपटारे की अंतिम तिथि 28 दिसंबर निर्धारित की गई है। सभी प्रक्रियाओं को पूरा करने के बाद अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन 4 जनवरी 2027 को किया जाएगा।



