कार्तिक पूर्णिमा के पावन अवसर पर मनाई जाने वाली देव दीपावली के उपलक्ष्य में तिनसुकिया के गुइजान घाट पर गंगा स्नान और पूजा-अर्चना के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु एकत्रित हुए।
हिंदू धर्म में देव दीपावली का विशेष धार्मिक एवं आध्यात्मिक महत्व माना जाता है। धार्मिक मान्यता के अनुसार, इस दिन देवता स्वयं धरती पर अवतरित होकर दीपावली मनाते हैं, वहीं कार्तिक पूर्णिमा पर पवित्र जल में स्नान, दान और पूजा-पाठ करने की प्राचीन परंपरा है।
इसी परंपरा का निर्वहन करते हुए श्रद्धालुओं ने गुइजान घाट पर विधि-विधान के साथ पूजा-अर्चना की और धार्मिक नियमों का पालन करते हुए पवित्र स्नान किया। सभी श्रद्धालुओं ने पूरी श्रद्धा और भक्ति भाव के साथ इस परंपरा को निभाया।
गुइजान घाट पर सुबह से ही भक्तिमय वातावरण देखने को मिला, जहां बड़ी संख्या में पहुंचे लोगों ने परिवार की सुख-समृद्धि और कल्याण की कामना के साथ पूजन किया।



