डिगबोई के लक्ष्मीपथार पांडोवा गांव से एक रूह कंपा देने वाली घटना सामने आई है, जहां आपसी विवाद के चलते एक छोटे भाई ने अपने ही बड़े भाई की बेरहमी से हत्या कर दी। मृतक की पहचान बीजू गोहाईं के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, घर में मामूली बात को लेकर शुरू हुआ झगड़ा इतना बढ़ गया कि छोटे भाई ने आपा खो दिया और खूनी वारदात को अंजाम दे दिया।
आरोपी भाई प्रणवज्योति गोहाईं ने घर में रखे एक धारदार दाव (कुकरी) से बीजू गोहाईं पर ताबड़तोड़ वार किए, जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में मातम और तनाव का माहौल व्याप्त है। स्थानीय लोगों ने तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए डिगबोई थाना प्रभारी (OC) प्रांजल चेतिया के नेतृत्व में पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई की। पुलिस ने मुख्य आरोपी प्रणवज्योति गोहाईं को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल किया गया हथियार भी बरामद कर लिया है और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।



