आज देशभर के विभिन्न शिक्षण संस्थानों में बाल दिवस के अवसर पर सांस्कृतिक कार्यक्रमों, खेलकूद, नृत्य-संगीत और विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जा रहा है। इसी कड़ी में असम के तिनसुकिया जिले के काकोपथार में भी बाल दिवस की धूम देखने को मिली।
काकोपथार स्थित जुपितारा इंग्लिश एकेडमी में विभिन्न रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ बाल दिवस पूरे हर्षोल्लास और उत्साह के साथ मनाया गया। विद्यालय परिसर में आयोजित इस विशेष समारोह में विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
इस अवसर पर डूमडूमा महाविद्यालय के सहायक प्राध्यापक दिजेन शर्मा, काकोपथार प्रेस क्लब के अध्यक्ष रातुल कलिता तथा जुपितारा इंग्लिश एकेडमी के निदेशक धरणी सैकिया विशेष रूप से उपस्थित रहे। इनके अलावा विद्यालय के शिक्षकगण और क्षेत्र के अन्य गणमान्य व्यक्तियों ने भी अपनी उपस्थिति दर्ज कराई।



