समग्र शिक्षा अभियान, असम के काकोपथार शिक्षा खंड के अंतर्गत काकपथार, तेजिपथार, माइथोंग और डिराक मंडल संसाधन केंद्रों के विभिन्न विद्यालयों के बीच पहली व दूसरी कक्षा के विद्यार्थियों के लिए बुनियादी साक्षरता एवं संख्यात्मक ज्ञान (एफएलएन) पर आधारित शिक्षण-अधिगम सामग्री (टीएलएम) प्रदर्शनी मेला और प्रतियोगिता आयोजित की गई। इस आयोजन में चारों मंडल संसाधन केंद्रों के कुल 39 विद्यालयों ने भाग लिया, जिसका उद्देश्य बच्चों को केवल पाठ्यपुस्तकों तक सीमित न रखकर व्यावहारिक और रोचक ढंग से शिक्षा देना रहा। कार्यक्रम में कोकराझार वाणिज्य महाविद्यालय के सहायक प्राध्यापक एवं बोडोलैंड विश्वविद्यालय के पीएचडी शोध सलाहकार डॉ. नीलोत्पल साहा तथा सार्वजनीन उच्च माध्यमिक विद्यालय के सहायक शिक्षक जीतू गोस्वामी निर्णायक मंडल में शामिल रहे।
इस अवसर पर महाराष्ट्र के पुणे जिले स्थित हवेली शिक्षा खंड के शिक्षा अधिकारी हेमंत खरे ने शिक्षकों को कक्षाओं में टीएलएम के प्रभावी उपयोग और इसकी उपयोगिता के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने इस बात पर भी अपने विचार साझा किए कि शिक्षण सामग्री के माध्यम से विद्यार्थियों में पढ़ाई के प्रति रुचि कैसे जगाई जा सकती है। प्रतियोगिता के दौरान शिक्षकों ने अपनी रचनात्मक सोच और नवाचार क्षमता से कम लागत तथा आसानी से उपलब्ध वस्तुओं के जरिए विभिन्न शिक्षण सामग्रियां तैयार कर प्रदर्शित कीं, ताकि कठिन अवधारणाओं को सरल बनाया जा सके और कक्षा में बच्चों की सक्रिय भागीदारी बढ़े।
मंडल स्तरीय प्रतियोगिता में काकोपथार मंडल से नंबर 3 कुमचांग चाय बागान प्राथमिक विद्यालय, डिराक मंडल से सुमनी प्राथमिक विद्यालय, माइथोंग मंडल से डिराक माइथोंग मध्य अंग्रेजी विद्यालय तथा तेजिपथार मंडल से बाहनी प्राथमिक विद्यालय ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। इस पहल से कक्षाओं को अधिक बाल-केंद्रित, आनंदमय और गतिविधि आधारित बनाने के साथ गुणवत्तापूर्ण शिक्षा को बढ़ावा मिलने की उम्मीद जताई गई है। कार्यक्रम में समन्वयक जेम्स गोगोई, अभिजीत सोनोवाल और नवकांत बरुवा के साथ काकोपथार प्रेस क्लब के अध्यक्ष रातुल कलिता एवं सचिव इंद्रजीत गोगोई भी उपस्थित रहे।



