लामडिंग रेलवे 1st बटालियन आरपीएफएस (RPSF) खेल मैदान में रेलवे सुरक्षा विशेष बल (RPSF) का स्थापना दिवस हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस विशेष अवसर पर बटालियन के कमांडिंग ऑफिसर चंद्र प्रकाश मिर्धा ने यूनिट फ्लैग (ध्वज) फहराकर औपचारिक रूप से इस भव्य समारोह की शुरुआत की।
उद्घाटन समारोह के पश्चात 1st बटालियन आरपीएफएस नर्सरी स्कूल के नन्हें-मुन्ने छात्र-छात्राओं के लिए विभिन्न प्रकार की खेल-कूद प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य बच्चों को अपनी प्रतिभा दिखाने के लिए एक बेहतरीन मंच प्रदान करना और युवा पीढ़ी के साथ-साथ छोटे बच्चों में भी खेल के प्रति उत्साह जगाना था।
कार्यक्रम के पहले दिन स्कूल के बच्चों ने बढ़-चढ़कर विभिन्न प्रतियोगिताओं में हिस्सा लिया। इस दौरान दौड़, महिलाओं के लिए म्यूजिकल चेयर (कुर्सी खेल) और बिस्कुट रेस जैसी कई रोमांचक खेल प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। इसके अलावा शहीदों को नमन करते हुए शहीद वेदी पर पुष्प अर्पित किए गए।
समारोह के अंत में एक आकर्षक पुरस्कार वितरण सभा का आयोजन किया गया, जिसमें विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं में विजयी रहे सभी नन्हें छात्र-छात्राओं को रेलवे आरपीएफएस विभाग की ओर से पुरस्कृत किया गया। इस गरिमामयी अवसर पर 1st बटालियन आरपीएफएस के उच्च पदस्थ अधिकारी, शिक्षक-शिक्षिकाएं, अभिभावक और क्षेत्र के कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।



