असम के होजाई जिले में रेलवे और वन विभाग के अधिकारियों की तत्परता और त्वरित कार्रवाई के कारण हाथियों का एक बड़ा झुंड भयानक हादसे का शिकार होने से बाल-बाल बच गया। तेज गति से आ रही ट्रेन को सही समय पर रोककर हाथियों के झुंड को सुरक्षित रेल पटरी पार कराई गई।
यह घटना लंका रेलवे स्टेशन और लमडिंग रेलवे स्टेशन के मध्य की है। आज तड़के सुबह जब हाथियों का झुंड पटरियों के पास से गुजर रहा था, तब रेल और वन कर्मियों की सतर्कता ने एक गंभीर दुर्घटना को टाल दिया।
इस पूरी घटना का वीडियो आज सुबह से ही सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो सामने आने के बाद स्थानीय लोगों के साथ-साथ सोशल मीडिया यूजर्स भी रेल और वन विभाग के कर्मियों के इस सराहनीय और संवेदनशील प्रयास की जमकर तारीफ कर रहे हैं।



