असम के तिनसुकिया जिले के 83 नंबर माघेरिटा विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत बालूखाद निवासी ओम प्रकाश शाह और जानकी देवी की पुत्री रश्मि शाह ने ‘द इंस्टीट्यूट ऑफ कॉस्ट अकाउंटेंट्स ऑफ इंडिया’ (ICAI, कोलकाता) द्वारा आयोजित CMA परीक्षा में शानदार सफलता हासिल की है। रश्मि की इस उपलब्धि से पूरे माघेरिटा क्षेत्र में गौरव और खुशी का माहौल है।
रश्मि की प्रारंभिक शिक्षा स्थानीय स्तर पर हुई है। उन्होंने माघेरिटा हिंदी हाई स्कूल से मैट्रिक की परीक्षा पास की, जिसके बाद डिगबोई स्थित आरडी जूनियर कॉलेज से उच्चतर माध्यमिक (12वीं) की पढ़ाई पूरी की। इसके पश्चात, उन्होंने माघेरिटा कॉलेज से वाणिज्य (कॉमर्स) संकाय में स्नातक की उपाधि प्राप्त की।
इस वर्ष सीएमए (CMA) परीक्षा में उत्कृष्ट सफलता प्राप्त कर रश्मि ने अपने परिवार के साथ-साथ समूचे क्षेत्र का नाम रोशन किया है। गुरुवार को जब रश्मि अपने घर पहुँचीं, तो माघेरिटा के विभिन्न स्थानीय सामाजिक संगठनों और गणमान्य व्यक्तियों ने उनके आवास पर जाकर उन्हें बधाई और शुभकामनाएँ दीं।



