अन्य राज्यों से असम के रास्ते रेल मार्ग द्वारा प्रतिबंधित नशीले पदार्थों की तस्करी का सिलसिला लगातार जारी है। इसी कड़ी में, लमडिंग रेलवे जंक्शन पर लमडिंग रेलवे सुरक्षा बल (RPF) ने एक विशेष तलाशी अभियान चलाकर भारी मात्रा में गांजा बरामद किया है। यह कार्रवाई स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर 5 पर खड़ी अप 13174 सबरूम-सियालदह कंचनजंगा एक्सप्रेस में की गई।
अभियान के दौरान आरपीएफ की टीम ने ट्रेन के एसी कोच (D5 श्रेणी) में रखे दो ट्रॉली बैग की तलाशी ली, जिसमें से गांजे के 15 पैकेट बरामद हुए। पुलिस ने मौके से ही एक महिला और एक पुरुष तस्कर को हिरासत में ले लिया। जब्त किए गए गांजे का कुल वजन लगभग 25 किलोग्राम बताया जा रहा है, जिसकी अनुमानित बाजार कीमत 12 लाख रुपये से अधिक आंकी गई है।
प्रारंभिक पूछताछ में पता चला है कि हिरासत में लिए गए दोनों आरोपी त्रिपुरा की राजधानी अगरतला के निवासी हैं। आरोपियों की पहचान 20 वर्षीय अनामिका देव और 24 वर्षीय अभिजीत देव के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, दोनों आरोपी इस नशीले पदार्थ को दूसरे राज्य में तस्करी कर ले जाने की फिराक में थे, तभी लमडिंग स्टेशन पर आरपीएफ ने उन्हें धर दबोचा।
फिलहाल, लमडिंग रेलवे सुरक्षा बल (RPF) ने मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि इस अंतरराज्यीय गांजा तस्करी गिरोह के पीछे और कौन-कौन लोग शामिल हैं और इसकी मुख्य कड़ी कहां से जुड़ी है।



