काकोपाथर: असम के तिनसुकिया जिले के काकोपाथर में शुक्रवार रात हुए एक भीषण सड़क हादसे के बाद इलाके में भारी तनाव व्याप्त है। बिहू के उल्लास के बीच हुए इस दर्दनाक हादसे ने पूरे क्षेत्र को शोक में डुबो दिया है। घटना के विरोध में स्थानीय निवासियों और विभिन्न संगठनों ने रात से ही राष्ट्रीय राजमार्ग-15 को अवरुद्ध कर टायर जलाकर उग्र प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने मांग की है कि प्रशासन अनियंत्रित वाहनों पर लगाम लगाए और मृतकों के परिजनों को उचित मुआवजा प्रदान करे।
घटना शुक्रवार रात करीब 10 बजे की है, जब काकोपाथर लाजुम के पास राष्ट्रीय राजमार्ग-15 के किनारे दो युवक खड़े थे। इसी दौरान विपरीत दिशा से आ रही तेज रफ्तार बोलेरो (नंबर AS 01 V 0399) ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में काकोपाथर फुटबॉल कोचिंग सेंटर के गोलकीपर और राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी प्रांजित दास और तेजी गांव के शशांक मोरान की मौके पर ही मौत हो गई। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
हादसे की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में युवा और स्थानीय लोग सड़कों पर उतर आए। प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि क्षेत्र में अनियंत्रित वाहनों की रफ्तार और लचर चिकित्सा सेवाओं के कारण अक्सर ऐसी जानलेवा घटनाएं होती हैं। प्रदर्शन स्थल पर स्थिति को संभालने के लिए डूमडूमा उप-जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी और उप-जिला पुलिस अधीक्षक पहुंचे। अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों के साथ बातचीत कर उन्हें शांत करने का प्रयास किया और उनकी मांगों पर विचार करने का आश्वासन दिया।
मृतक प्रांजित दास न केवल काकोपाथर बल्कि तिनसुकिया जिले के एक जाने-माने फुटबॉल खिलाड़ी थे। उनकी असामयिक मृत्यु से खेल जगत में शोक की लहर है। स्थानीय लोगों ने काकोपाथर में बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं और सड़क सुरक्षा के कड़े इंतजाम करने की पुरजोर मांग की है ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके।



