तिनसुकिया जिले के डिगबोई अंतर्गत पावै (Pawoi) में हुई हालिया हिंसक घटनाओं के संबंध में पुलिस ने कड़ी कार्रवाई करते हुए 6 मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पकड़े गए व्यक्तियों पर क्षेत्र में अप्रिय स्थिति पैदा करने और कानून-व्यवस्था को चुनौती देने का गंभीर आरोप है।
पुलिस द्वारा साझा की गई जानकारी के अनुसार, गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान भगवान शाह, राम सिंह शाह, श्याम बाबू शाह, प्रमोद पाठक, सुनील महतो और संजय बाल्मीकि के रूप में हुई है। इन सभी पर भीड़ को उकसाने और पुलिस के साथ हाथापाई करने का मामला दर्ज किया गया है।
उल्लेखनीय है कि बीती 21 अप्रैल को पावै में एक हत्याकांड की घटना सामने आई थी। इस घटना का फायदा उठाते हुए असामाजिक तत्वों की एक भीड़ ने क्षेत्र में भारी हंगामा और तनावपूर्ण माहौल पैदा कर दिया था। इस दौरान उत्तेजित प्रदर्शनकारियों की पुलिस के साथ झड़प हुई थी और दो वाहनों को आग के हवाले कर दिया गया था।
पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए किसी भी अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा। फिलहाल गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ की जा रही है ताकि घटना में शामिल अन्य लोगों का भी पता लगाया जा सके।



