काजीरंगा के रंगाजान में हुई हालिया सड़क दुर्घटना के बाद होजाई जिला पुलिस प्रशासन और परिवहन विभाग पूरी तरह सतर्क हो गया है। मुख्यमंत्री के सख्त निर्देशों के मद्देनजर राज्य के विभिन्न जिलों की तरह होजाई में भी यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित कराने के लिए विशेष नाका चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है।
इस सघन जांच अभियान के दौरान बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चलाने वाले चालकों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करते हुए कई बाइकों को जब्त किया गया है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सड़क सुरक्षा के नियमों की अनदेखी करने वाले किसी भी वाहन चालक को बख्शा नहीं जाएगा।
अभियान के तहत शराब पीकर वाहन चलाने वालों के खिलाफ विशेष सख्ती बरती जा रही है। नशे की हालत में गाड़ी चलाते पकड़े जाने पर भारी जुर्माना लगाने के साथ-साथ संबंधित चालकों के विरुद्ध मामला दर्ज कर उन्हें सीधे अदालत भेजने की व्यवस्था की गई है।
इसके अतिरिक्त, यातायात अनुशासन को कड़ाई से लागू करने के लिए प्रशासन ने चेतावनी दी है कि यदि दोपहिया वाहन सवार हेलमेट पहने बिना पकड़ा जाता है, तो उसे 23 घंटे से अधिक समय तक पुलिस थाने में बैठाया जाएगा।



