असम-अरुणाचल प्रदेश को जोड़ने वाले 15 नंबर राष्ट्रीय राजमार्ग पर काकोपथार के सोनजान इलाके में आज स्थानीय लोगों ने भारी विरोध प्रदर्शन करते हुए सड़क जाम कर दी। गौरतलब है कि कल क्षेत्र में हुए एक भीषण सड़क हादसे में बिष्णु मोरान कॉलेज के एक छात्र की दर्दनाक मौत हो गई थी, जिसके बाद से ही पूरे इलाके में तनाव की स्थिति बनी हुई है।
उल्लेखनीय है कि हादसे के शिकार दुर्घटनाग्रस्त वाहन से तलाशी के दौरान एक बोरी प्रतिबंधित गांजा भी बरामद किया गया था। इस खुलासे के बाद मामला और गंभीर हो गया है। स्थानीय निवासियों का आरोप है कि इतनी बड़ी घटना और संदिग्ध परिस्थितियों के बावजूद पुलिस व प्रशासन की ओर से अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है तथा जांच प्रक्रिया में लगातार ढिलाई बरती जा रही है।
प्रशासन की निष्क्रियता से नाराज काकोपथार, डिराक और सोनजान क्षेत्र के निवासियों ने एकजुट होकर राष्ट्रीय राजमार्ग 15 पर यातायात पूरी तरह ठप कर दिया। प्रदर्शनकारियों ने मांग की है कि घटना में शामिल दोषियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार कर कड़ी सजा दी जाए और मृतक छात्र के पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा प्रदान किया जाए।



