डूमडुमा नगर के सार्वजनिक खेल मैदान में आज एक दिवसीय कार्यक्रमों के साथ केंद्रीय करम सम्मेलन का भव्य आयोजन किया गया। इस वार्षिक आयोजन ने एक बार फिर स्थानीय नागरिकों और चाय बागान समुदाय के बीच भारी उत्साह पैदा किया है।
समारोह की शुरुआत सुबह केंद्रीय करम सम्मेलन के अध्यक्ष सह विधायक रूपेश गोवाला द्वारा ध्वजारोहण के साथ हुई। इसके बाद सचिव इषिद तांती ने तर्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। ध्वजारोहण और तर्पण के उपरांत डूमडुमा शहर के बीचों-बीच एक विशाल सांस्कृतिक शोभायात्रा निकाली गई, जिसमें विभिन्न जाति-जनोष्ठियों के कलाकारों ने अपनी पारंपरिक वेशभूषा और लोक नृत्यों से शहरवासियों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
आयोजन समिति के अनुसार, दिनभर के विभिन्न धार्मिक और सांस्कृतिक अनुष्ठानों के बाद करम देवता की आराधना के लिए पूरी रात ‘जागरण नृत्य’ का आयोजन किया जाएगा। इस रात्रि कालीन कार्यक्रम में असम सरकार के कई मंत्रियों, विधायकों और लोकप्रिय कलाकारों के शामिल होने की संभावना है।
दिनभर चले इस उत्सव में चाय जनजाति समुदाय के लोगों के साथ-साथ क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों ने भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। इस संबंध में जानकारी देते हुए उत्सव समिति के अध्यक्ष रूपेश गोवाला ने कहा कि ऐसे आयोजन हमारी समृद्ध संस्कृति और परंपराओं को सुरक्षित रखने के साथ-साथ आपसी सौहार्द को भी मजबूत करते हैं।


