असम के विभिन्न हिस्सों के साथ-साथ 83 नंबर मारघेरिटा विधानसभा क्षेत्र में भी चुनावी सरगर्मी अपने चरम पर है। इस बार मारघेरिटा सीट पर चुनावी जंग बेहद दिलचस्प मोड़ पर पहुंच गई है, जहाँ तीन प्रमुख प्रत्याशियों के बीच सीधा मुकाबला देखा जा रहा है। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के उम्मीदवार भास्कर शर्मा और विपक्षी एकता मंच की ओर से राइजोर दल के प्रत्याशी राहुल छेत्री को कड़ी टक्कर देने के लिए मैदान में हैं झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के उम्मीदवार जरनेल मिंज, जिन्हें ‘जय भारत पार्टी’ का भी समर्थन प्राप्त है।
उल्लेखनीय है कि भाजपा प्रत्याशी भास्कर शर्मा के पक्ष में माहौल बनाने के लिए असम के मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत विश्व शर्मा ने पहले ही मारघेरिटा के बरगोलाई स्थित खेल परिसर में एक विशाल चुनावी जनसभा को संबोधित किया था। दूसरी ओर, विपक्षी गठबंधन के उम्मीदवार राहुल छेत्री के समर्थन में राइजोर दल के नेता अखिल गोगोई ने निर्वाचन क्षेत्र के अधिकांश क्षेत्रों में मेगा रोड-शो और रैलियां कर जोरदार अभियान चलाया है।
इसी क्रम में, झारखंड मुक्ति मोर्चा के प्रत्याशी जरनेल मिंज के पक्ष में प्रचार करने के लिए झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन खुद मारघेरिटा पहुंचे। राज्य की राजनीति के इन तीन दिग्गज नेताओं की मौजूदगी और उनके सघन प्रचार अभियान ने मारघेरिटा के सियासी पारे को गरमा दिया है। झारखंड और असम के बड़े नेताओं के मैदान में उतरने से यहां का मुकाबला अब पूरी तरह त्रिकोणीय हो गया है।
फिलहाल, मारघेरिटा की जनता इस बात का इंतजार कर रही है कि चुनाव के अंतिम नतीजों में जीत का सेहरा किसके सिर बंधेगा। चुनावी माहौल के बीच झारखंड मुक्ति मोर्चा के उम्मीदवार जरनेल मिंज ने अपनी स्थिति और भविष्य की योजनाओं को लेकर क्या कहा, आइए सुनते हैं।



