असम मोरान सभा के तत्वावधान और असम हैंडबॉल संघ की देखरेख में वाथोई पूर्वांचल सार्वजनिक खेल मैदान में तीन दिवसीय कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। इस दौरान मोरान सभा का 61वां केंद्रीय स्थापना दिवस तथा राज्य स्तरीय पुरुष-महिला दिवा-रात्रि आमंत्रण हैंडबॉल प्रतियोगिता आयोजित होगी।
मोरान जनजाति के आत्मसम्मान, एकता और राष्ट्रीय पहचान के प्रतीक असम मोरान सभा के 61वें केंद्रीय स्थापना दिवस पर संस्थापक अध्यक्ष स्वर्गीय धीरन मोरान और संस्थापक सचिव स्वर्गीय मोहन शइकिया की स्मृति में 10वीं वार्षिक राज्य स्तरीय आमंत्रण दिवा-रात्रि पुरुष एवं महिला हैंडबॉल प्रतियोगिता 26, 27 और 28 नवंबर को होगी।
आयोजक समिति के अनुसार, गुरुवार को सुबह असम मोरान सभा का ध्वजारोहण अध्यक्ष बिरिंची निओग, हैंडबॉल का ध्वजारोहण असम हैंडबॉल संघ के कार्यकारी अध्यक्ष दुर्लभ गोहाईं तथा स्मृति तर्पण और दीप प्रज्वलन मोरान स्वायत्तशासी परिषद के अध्यक्ष धर्मेंद्र निओग करेंगे। इसके बाद चित्रकला एवं निबंध प्रतियोगिता और पुराने-नए सदस्यों का मिलन समारोह होगा। दोपहर बाद हैंडबॉल प्रतियोगिता का उद्घाटन ऑयल इंडिया लिमिटेड, दुलियाजान के महाप्रबंधक (जनसंपर्क विभाग) दिगंत बोरा तथा फाइनल मुकाबले का उद्घाटन तिनसुकिया जिला परिषद के अध्यक्ष भादेश्वर मोरान करेंगे, जबकि शाम को पुरस्कार वितरण के साथ ‘हैंडबॉल’ स्मारिका का विमोचन समाजसेवी जयंत गोगोई और सांस्कृतिक कार्यक्रम का शुभारंभ डिगबोई के विधायक सुरेन फुकन करेंगे।
आयोजक समिति ने पूर्वांचलवासियों सहित समस्त असमवासियों से अधिक संख्या में उपस्थित होकर सक्रिय सहयोग देने की अपील की है। आयोजन समिति व मोरान सभा के पदाधिकारियों के अनुसार, तीनों दिन के कार्यक्रमों में अन्य गणमान्य व्यक्तियों के साथ केंद्रीय मंत्री सर्बानंद सोनोवाल और मंत्री रामेश्वर तेली भी उपस्थित रहेंगे।



