असम के होजाई जिले में खाद्य सुरक्षा विभाग की एक टीम ने स्वच्छता और खाद्य मानकों को सुनिश्चित करने के लिए एक विशेष अभियान चलाया। इस अभियान के तहत टीम ने शहर के विभिन्न इलाकों का दौरा किया और सड़क के किनारे स्थित फास्ट फूड की दुकानों का औचक निरीक्षण किया। अधिकारियों ने दुकानदारों को सख्त हिदायत देते हुए स्वच्छता बनाए रखने और खाद्य सुरक्षा नियमों का पालन करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान टीम होजाई के मेन रोड पर स्थित विशाल मेगा मार्ट के पास पहुंची, जहां कई फास्ट फूड स्टॉल की जांच की गई। जिन दुकानों पर साफ-सफाई की कमी पाई गई, वहां अधिकारियों ने संचालकों को कड़ी चेतावनी दी और भविष्य में नियमों की अनदेखी न करने की बात कही।
इसी अभियान के तहत मेन रोड पर स्थित ‘ब्रदर्स किचन’ नामक फास्ट फूड आउटलेट पर नियमों के उल्लंघन का बड़ा मामला सामने आया। दुकान में अत्यधिक गंदगी पाए जाने और खाद्य सुरक्षा मानकों की अनदेखी करने के कारण अधिकारियों ने उसे तुरंत बंद करवा दिया। दुकान संचालक को व्यवस्था दुरुस्त करने के लिए दो दिन का समय दिया गया है। खाद्य सुरक्षा अधिकारी ने बताया कि होजाई के विभिन्न होटलों और रेस्तरां में इस तरह का चेकिंग अभियान आगे भी जारी रहेगा।



