आगामी चुनावों के मद्देनजर असम का प्रत्येक जिला प्रशासन और पुलिस विभाग पूरी तरह सतर्क मोड में है। राज्य में निष्पक्ष, शांतिपूर्ण और पारदर्शी चुनाव संपन्न कराने के लक्ष्य के साथ असम पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था पुख्ता कर दी है। इसी कड़ी में आज तिनसुकिया जिले के डिगबोई में सुरक्षा बलों द्वारा एक व्यापक ‘रोड मार्च’ (फ्लैग मार्च) निकाला गया।
यह फ्लैग मार्च डिगबोई उप-जिला पुलिस अधीक्षक (SDPO) हिमांशु गोहाईं और थाना प्रभारी प्रांजल चेटिया के नेतृत्व में आयोजित किया गया। इस मार्च का मुख्य उद्देश्य क्षेत्र में कानून-व्यवस्था की स्थिति का जायजा लेना और आम जनता के बीच सुरक्षा का भाव पैदा करना था, ताकि चुनाव के दौरान किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना को रोका जा सके।
इस फ्लैग मार्च में डिगबोई पुलिस के साथ-साथ आईटीबीपी (ITBP), सीआरपीएफ (CRPF) और चंडीगढ़ पुलिस की टुकड़ियों ने भी भाग लिया। सुरक्षा बलों ने शहर के विभिन्न संवेदनशील इलाकों से गुजरते हुए अपनी उपस्थिति दर्ज कराई और चुनाव प्रक्रिया में खलल डालने वाले तत्वों को कड़ा संदेश दिया।
पुलिस प्रशासन ने आम मतदाताओं से बिना किसी डर या संकोच के मतदान केंद्रों पर आने और अपने मताधिकार का प्रयोग करने का आह्वान किया है। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि चुनाव के दौरान किसी को भी आतंकित होने की आवश्यकता नहीं है और नागरिकों की सुरक्षा के लिए पुलिस ने विशेष कदम उठाए हैं।



