Saturday, November 28, 2026

Top 5 This Week

Related Posts

अधिकारों की मांग को लेकर ‘आसा’ का राज्यव्यापी पोस्टर अभियान, उग्र आंदोलन की चेतावनी

असम के आदिवासियों के वाजिब अधिकारों और विभिन्न लंबित मांगों के समर्थन में अखिल असम आदिवासी छात्र संघ (आसा) ने राज्यव्यापी तीव्र आंदोलन का बिगुल फूंक दिया है। वर्ष 2007 के बहुचर्चित बेलतला कांड की स्मृति में ‘आसा’ की केंद्रीय समिति के निर्देशानुसार आज से पूरे राज्य में सरकार के खिलाफ पोस्टरिंग अभियान की शुरुआत की गई है।

‘आसा’ की तिनसुकिया जिला समिति और आंचलिक समितियों ने आरोप लगाया है कि इतने वर्ष बीत जाने के बावजूद आज तक बेलतला घटना की कोई निष्पक्ष जांच नहीं हुई और न ही आदिवासियों के न्यायसंगत अधिकार स्थापित हो सके। इसी पृष्ठभूमि में ‘आदिवासी अधिकार दिवस’ के उपलक्ष्य में केंद्रीय समिति के आह्वान पर पूरे असम में भाजपा सरकार के विरुद्ध यह पोस्टर अभियान चलाया जा रहा है। तिनसुकिया जिला समिति के नेतृत्व में आदिवासी बहुल इलाकों, गांवों और चाय बागान क्षेत्रों में इस विरोध कार्यक्रम को अंजाम दिया गया है।

तिनसुकिया जिला समिति के नेतृत्व ने स्पष्ट किया कि चुनाव के समय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा सरकार ने आदिवासियों व चाय श्रमिकों से जो वादे किए थे, उनमें से अधिकांश आज तक अधूरे हैं। संगठन ने डिजिटल भूमि पट्टे के नाम पर केवल छलावा किए जाने का आरोप लगाते हुए अविलंब जमीन का पट्टा प्रदान करने की मांग की है।

संगठन ने चेतावनी दी है कि इस पोस्टरिंग अभियान के बाद चाय बागान और ग्रामीण क्षेत्रों में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तथा मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा के पुतले दहन किए जाएंगे। इसके साथ ही चरणबद्ध आंदोलन चलाते हुए मंत्रियों और विधायकों के आवासों के घेराव जैसा उग्र कार्यक्रम भी हाथ में लिया जाएगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Popular Articles