Sunday, November 29, 2026

Top 5 This Week

Related Posts

तिनसुकिया विकास परियोजनाएं: चेयरमैन पुलक चेतिया ने किया निरीक्षण, गुणवत्ता से समझौता नहीं करने की चेतावनी

तिनसुकिया शहर को विकास की नई पहचान दिलाने की दिशा में नगर पालिका अध्यक्ष पुलक चेतिया ने पूरी तरह कमर कस ली है। मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्वा सरमा द्वारा हाल ही में तिनसुकिया के विकास के लिए कई महत्वपूर्ण विकास परियोजनाओं का शिलान्यास किए जाने के बाद, अब इन योजनाओं को धरातल पर उतारने और तेजी से पूरा करने की तैयारी शुरू हो गई है। खास बात यह है कि निर्माण कार्य शुरू होने से पहले ही अध्यक्ष पुलक चेतिया ने खुद अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ मौके पर पहुंचकर प्रत्येक परियोजना की बारीकी से जानकारी ली।

नगर पालिका के कार्यकारी अधिकारी डॉ. नयनज्योति नाथ सहित अन्य कर्मचारियों के साथ उन्होंने तिनकोनिया स्थित तमुलबाड़ी मैदान और श्रीपुरिया स्थित श्री बारगोधा पोखरी नामघर समेत विभिन्न प्रस्तावित स्थलों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने नक्शों और रूपरेखा को सामने रखकर संबंधित ठेकेदारों से कार्यों की विस्तृत जानकारी ली और स्पष्ट निर्देश दिए कि निर्माण कार्य नक्शे के प्रावधानों के अनुसार ही होने चाहिए।

अध्यक्ष पुलक चेतिया ने ठेकेदारों को सख्त हिदायत देने के साथ-साथ नगर पालिका के इंजीनियरों और कर्मचारियों को भी प्रत्येक कार्य पर पैनी नजर रखने का निर्देश दिया। उन्होंने दो टूक कहा कि विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही या कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और हर निर्माण कार्य को तय गुणवत्ता मानकों के अनुरूप पूरा करना अनिवार्य होगा।

इन सभी महत्वपूर्ण परियोजनाओं को समयबद्ध तरीके से पूरा कर जल्द से जल्द तिनसुकिया की जनता को समर्पित करने का लक्ष्य रखा गया है। इसके साथ ही, शहर के समग्र विकास और सौंदर्यीकरण से जुड़ी अन्य योजनाओं को भी शीघ्र ही शुरू करने की पूरी तैयारी है। गौरतलब है कि कार्यभार संभालने के बाद से ही अध्यक्ष पुलक चेतिया तिनसुकिया को एक सुंदर, स्वच्छ और आधुनिक शहर के रूप में विकसित करने के लिए लगातार सक्रिय रूप से प्रयास कर रहे हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Popular Articles