अच्छी सेहत के लिए उम्र कभी रुकावट नहीं बनती। यदि व्यक्ति नियमित रूप से चलता-फिरता रहे और अपने स्वास्थ्य का ध्यान रखे, तो बढ़ती उम्र में भी एक स्वस्थ जीवन जी सकता है। इसी संदेश के साथ विश्व मधुमेह दिवस के अवसर पर 14 नवंबर को तिनसुकिया के बरदोलोई नगर खेल मैदान में सरकारी पेंशनर्स संघ, असम की तिनसुकिया शाखा की ओर से वरिष्ठ नागरिकों के लिए एक जागरूकता वॉकिंग प्रतियोगिता का आयोजन किया गया।
इस अनूठी प्रतियोगिता में 60, 70 और 80 वर्ष की आयु वर्ग के वरिष्ठ नागरिकों ने पूरे उत्साह के साथ हिस्सा लिया। उम्र के इस पड़ाव पर भी बुजुर्गों के जोश और पैदल चलने के प्रति उनके उत्साह को देखकर उपस्थित लोगों को स्वस्थ रहने की नई प्रेरणा मिली।
कार्यक्रम के माध्यम से आमजन को यह संदेश दिया गया कि मधुमेह जैसी बीमारी से बचाव और बेहतर स्वास्थ्य के लिए नियमित रूप से पैदल चलना तथा शारीरिक रूप से सक्रिय रहना बेहद आवश्यक है। इस पहल का उद्देश्य केवल एक प्रतियोगिता कराना नहीं, बल्कि हर वर्ग के लोगों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना और मधुमेह से बचाव के लिए प्रेरित करना था।
इस अवसर पर इंसुलिन के विकास में महत्वपूर्ण योगदान देने वाले वैज्ञानिकों को भी भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की गई। आयोजकों ने स्वस्थ जीवन और लंबी उम्र की कामना करते हुए लोगों से नियमित व्यायाम और पैदल चलने की आदत अपनाने की अपील की। कार्यक्रम ने यह स्पष्ट संदेश दिया कि स्वस्थ रहने की कोई उम्र नहीं होती और सेहत का ध्यान रखने की शुरुआत जीवन के किसी भी पड़ाव पर की जा सकती है।



