होजाई जिले की पुलिस ने अपराध के खिलाफ एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए दिनदहाड़े पैसे लूटने वाले दो बदमाशों को गिरफ्तार किया है। होजाई थाना के
प्रभारी अधिकारी जीवन माराग के नेतृत्व में पुलिस टीम ने नगांव जिले में विशेष अभियान चलाकर इन आरोपियों को धर दबोचा। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से अपराध में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल और लूटे गए पूरे पैसे भी बरामद कर लिए हैं।
पुलिस की गिरफ्त में आए दोनों आरोपियों की पहचान नगांव जिले के रहने वालों के रूप में हुई है। पकड़े गए बदमाशों की शिनाख्त 59 वर्षीय अबू बक्कर सिद्दीक (निवासी: सिमलुगुरी) और 38 वर्षीय अलाल उद्दीन (निवासी: हेरापट्टी) के तौर पर की गई है।
घटना के विवरण के मुताबिक, पीड़ित एकलास अली जब होजाई के धनीराम पथार एनडी इलाके से गुजर रहे थे, तभी दोनों बदमाशों ने उनके हाथ से 30,000 रुपये छीन लिए और मौके से फरार हो गए थे। घटना के तुरंत बाद हरकत में आई होजाई थाना पुलिस ने तकनीकी और जमीनी सबूतों के आधार पर जाल बिछाया और महज दो दिनों के भीतर नगांव से दोनों को गिरफ्तार कर लिया।
अपनी गाढ़ी कमाई वापस मिलने और पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से गदगद होकर पीड़ित एकलास अली ने होजाई पुलिस का आभार व्यक्त किया है। फिलहाल, पुलिस गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर रही है और इस घटना के संबंध में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।



