तिनसुकिया के गेलापुखुरी इलाके में दीपावली की रात हुई गोलीबारी की एक घटना ने पूरे क्षेत्र में सनसनी फैला दी है। इस घटना में लाइसेंसी बंदूक से गोली लगने के कारण अशोक गोवाला उर्फ निग्रो गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। घायल युवक को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां फिलहाल डिब्रूगढ़ के एक निजी अस्पताल में उनका इलाज चल रहा है।
इस सनसनीखेज घटना को लेकर आदिवासी चाय जनजाति छात्र संस्था (ATSA) ने पुलिस प्रशासन के कामकाज पर कड़ी नाराजगी जताई है। संगठन के एक प्रतिनिधिमंडल ने घायल युवक के घर पहुंचकर उनके परिजनों और प्रत्यक्षदर्शियों से मुलाकात की तथा पूरी घटना की विस्तृत जानकारी ली। ATSA का आरोप है कि संबंधित आरोपी लाइसेंसी बंदूक लेकर आए दिन तिनसुकिया में घूमता है और खुलेआम उसका प्रदर्शन करता रहता है।
घटना के बाद से क्षेत्र के लोगों में भारी भय और आक्रोश का माहौल है। संगठन ने राज्य के मुख्यमंत्री से इस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने, दोषी को जल्द से जल्द गिरफ्तार करने और उसे कड़ी कानूनी सजा दिलाने की मांग की है। इसके साथ ही, आरोपी के एनकाउंटर की मांग भी जोर-शोर से उठाई गई है। अब स्थानीय लोगों और संगठन की निगाहें पुलिस प्रशासन की अगली कार्रवाई पर टिकी हैं।



