आइरा मोशन पिक्चर्स के बैनर तले बनी बहुप्रतीक्षित असमी फिल्म ‘आदिशक्ति’ बहुत जल्द बड़े पर्दे पर रिलीज़ के लिए तैयार है। फिल्म के रिलीज़ से पहले ही इसके दो नए गानों के टीज़र जारी कर दिए गए हैं, जिन्हें दर्शकों और संगीत प्रेमियों से काफी सकारात्मक प्रतिक्रिया मिल रही है।
फिल्म का बहुप्रतीक्षित गीत “अनि बनि” का टीज़र आधिकारिक तौर पर लॉन्च कर दिया गया है। लोकप्रिय गायिका जुबली और असम के यूथ आइकन ज़ुबीन गर्ग की सुरीली जुगलबंदी में तैयार यह गीत प्रशंसकों के बीच चर्चा का केंद्र बना हुआ है। गौरतलब है कि आने वाली इस असमी फिल्म में दर्शकों को आखिरी बार ज़ुबीन और जुबली की पसंदीदा जोड़ी एक साथ सुनने को मिलेगी।
इसके साथ ही, फिल्म के निर्माताओं ने एक और सुखद समाचार साझा करते हुए फिल्म के एक अन्य मधुर गीत ‘खरिकाजाई’ का टीज़र भी रिलीज़ कर दिया है। ‘खरिकाजाई’ को अपनी मधुर आवाज़ से आचुर्य बोरपात्रगोहाईं ने सजाया है। फिल्म की पूरी टीम को उम्मीद है कि इस गीत को भी श्रोताओं का भरपूर प्यार और स्नेह मिलेगा।
संगीत जगत के कई प्रमुख नामों ने इस एलबम में अपना योगदान दिया है। ‘खरिकाजाई’ गीत के बोल राहुल गौतम शर्मा ने लिखे हैं, जबकि इसका संगीत गौरांग-विशाल द्वारा तैयार किया गया है। गीत का मिक्सिंग और मास्टरिंग का काम रूपजीत दास ने संभाला है।



