Tuesday, August 25, 2026

Top 5 This Week

Related Posts

असम के टिंगखांग में ड्रग्स के खिलाफ बड़ी कार्रवाई: करोड़ों की हेरोइन और 14 लाख रुपये कैश बरामद, आरोपी फरार

असम में ड्रग्स के अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस का राज्यव्यापी अभियान लगातार जारी है। इसी कड़ी में बीती रात डिब्रूगढ़ जिले के टिंगखांग अंतर्गत माहमरा अलीकिना गांव में पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया। पुलिस की टीम ने छापेमारी के दौरान करोड़ों रुपये मूल्य की नशीली दवाएं (हेरोइन) और 14 लाख 6 हजार 600 रुपये की नकद राशि बरामद करने में बड़ी सफलता हासिल की है। हालांकि, पुलिस कार्रवाई की भनक लगते ही मुख्य ड्रग्स तस्कर मनोज गोगोई मौके से फरार हो गया।

मिली जानकारी के अनुसार, टिंगखांग पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि माहमरा अलीकिना गांव के निवासी मनोज गोगोई के घर में ड्रग्स का बड़ा जखीरा छुपाया गया है। सूचना के आधार पर पुलिस की एक विशेष टीम ने आरोपी के आवास पर अचानक छापेमारी की। तलाशी के दौरान पुलिस ने घर के अंदर से 14,06,600 रुपये कैश बरामद किए।

इसके बाद जब पुलिस ने परिसर की सघन तलाशी ली, तो घर के पीछे खड़ी एक बोलेरो पिकअप वैन से भारी मात्रा में ड्रग्स बरामद हुई। तस्कर ने बेहद शातिराना तरीके से 107 साबुन के डिब्बों में कुल 1345.05 ग्राम (लगभग 1.35 किलोग्राम) हेरोइन छुपाकर रखी थी। अंतरराष्ट्रीय बाजार में इस जब्त हेरोइन की कीमत कई करोड़ रुपये आंकी जा रही है।

फिलहाल, मुख्य आरोपी मनोज गोगोई पुलिस की गिरफ्त से बाहर है। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, आरोपी को पकड़ने के लिए इलाके में लगातार तलाशी अभियान चलाया जा रहा है और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Popular Articles