असम के तिनसुकिया जिले से एक बड़ी चोरी की घटना सामने आई है। जिले के बरहापजान स्थित ऐतिहासिक ब्रह्ममयी काली मंदिर में बीती रात अज्ञात चोरों ने धावा बोलकर लाखों रुपये की नकदी पर हाथ साफ कर दिया। इस घटना के बाद से इलाके के श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों में काफी आक्रोश है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, चोरों ने मंदिर के कार्यालय का ताला तोड़कर वहां प्रवेश किया और अलमारी में रखे लगभग एक लाख से अधिक रुपये नकद चुरा लिए। बताया जा रहा है कि मात्र कुछ ही दिन पहले मंदिर का स्थापना दिवस आयोजित किया गया था। इस कार्यक्रम से जुड़े विभिन्न भुगतानों के लिए यह धनराशि बैंक से निकालकर कार्यालय में रखी गई थी, जिसे चोर उड़ा ले गए।
शातिर चोरों ने साक्ष्यों को मिटाने के उद्देश्य से मंदिर परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों का रिकॉर्डिंग बॉक्स (DVR) भी अपने साथ ले गए। इसके अलावा, चोरों ने मंदिर में रखे दो दानपात्रों को बेरहमी से तोड़ डाला और उसमें रखे सारे पैसे निकाल लिए। जाते समय चोर रास्ते में कुछ चिल्लर (सिक्के) बिखेर कर फरार हो गए। स्थानीय पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।


