असम के तिनसुकिया जिले के फिलोबारी अंतर्गत रूपजान चारिआली में दीवार कला (वॉल आर्ट) के जरिए राज्य के लोकप्रिय और दिग्गज कलाकार जुबीन गार्ग की एक बेहद खूबसूरत तस्वीर को जीवंत रूप दिया गया है। स्थानीय कलाकारों की इस बेहतरीन कलाकृति ने वहां से गुजरने वाले राहगीरों, कला प्रेमियों और जुबीन गार्ग के प्रशंसकों का ध्यान अपनी ओर आकर्षित किया है।
दरअसल, गाभरूभेटी कला-कृष्टि विकास केंद्र (कला-संस्कृति विकास केंद्र) के सामने जुबीन गार्ग की एक प्रतिमा के अनावरण समारोह में भाग लेने के लिए मशहूर फैशन डिजाइनर व जुबीन गार्ग की पत्नी गरिमा सैकिया गार्ग पहुंची थीं। इस दौरान उन्होंने रूपजान चारिआली का दौरा कर इस वॉल पेंटिंग को करीब से देखा। स्थानीय कलाकारों की इस अनूठी रचनात्मकता की सराहना करते हुए उन्होंने उस दीवार पर अपना ऑटोग्राफ भी दिया।
गरिमा सैकिया गार्ग से ऑटोग्राफ मिलने के बाद स्थानीय कलाकारों, आयोजकों और जुबीन गार्ग के प्रशंसकों में खुशी की लहर दौड़ गई है। प्रशंसकों का कहना है कि इस ऑटोग्राफ ने इस वॉल आर्ट की गरिमा और इसकी यादों को हमेशा के लिए और अधिक बढ़ा दिया है। इसके साथ ही उन्होंने गरिमा सैकिया गार्ग के प्रति अपना सहृदय आभार व्यक्त किया।
स्थानीय लोगों ने उम्मीद जताई है कि इस तरह की रचनात्मक कला साधना असम के संगीत, संस्कृति और कलात्मक विरासत को नई पीढ़ी के बीच और अधिक लोकप्रिय बनाने में एक महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।



