रंगिया उप-जिला आयुक्त नवजीत पाठक ने हाल ही में रंगिया हिंदी विद्यालय का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने विद्यालय के समग्र परिवेश, शैक्षणिक स्थिति तथा आधारभूत ढांचे से जुड़ी विभिन्न समस्याओं की विस्तार से जानकारी ली।
उप-जिला आयुक्त ने विद्यालय परिसर का निरीक्षण कर कक्षाओं, स्वच्छता व्यवस्था, पेयजल आपूर्ति और परिसर की समग्र स्थिति का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं कर्मचारियों की उपस्थिति तथा अनुपस्थिति के साथ-साथ मध्याह्न भोजन व्यवस्था की भी जानकारी ली और कई आवश्यक निर्देश प्रदान किए।
इसके अलावा उन्होंने प्रधानाध्यापक के साथ विद्यालय की समस्याओं और आवश्यकताओं को लेकर विस्तार से विचार-विमर्श किया। साथ ही शिक्षक-कर्मचारियों से संवाद कर शिक्षण के माहौल और विद्यार्थियों की सुविधा-असुविधा के विषय में भी जानकारी ली।



