तिनसुकिया जिले के बाघजान चाय बागान में हरी चायपत्तियों की चोरी की घटनाएं दिन-ब-दिन बढ़ती जा रही हैं, जिससे बागान क्षेत्र में तनावपूर्ण स्थिति बनी हुई है। आरोप है कि बीते कल शाम करीब 6 बजे बागान के हाजिरा बाबू सुदीप्त हजारिका जब चायपत्तियों की चोरी रोकने गए, तो चोरों के गिरोह ने उनकी गर्दन पर दाव (धारदार हथियार) रखकर जान से मारने की धमकी दी।
इस घटना के तुरंत बाद बागान के श्रमिकों ने रात में ही चाय चोरों के खिलाफ अभियान चलाया और गिरोह को वहां से खदेड़ने में सफल रहे। बागान में लंबे समय से हो रही चायपत्तियों की चोरी के कारण श्रमिकों में भारी आक्रोश है और इन घटनाओं ने बागान की सुरक्षा व्यवस्था पर भी गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
उक्त घटना के विरोध में आज बाघजान तिनिआली में स्थानीय निवासियों और चाय श्रमिकों ने जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। समाचार लिखे जाने तक श्रमिक बाघजान पुलिस थाने में उग्र प्रदर्शन कर रहे हैं।
प्रदर्शनकारियों ने चायपत्तियों की चोरी में शामिल दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने तथा बागान में सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ करने की मांग की है।



