तिनसुकिया जिले के डूमडूमा में प्रस्तावित फ्लाईओवर निर्माण को लेकर स्थानीय लोगों के बीच चिंता बढ़ गई है। इसे लेकर डूमडूमा उच्चामाटी दुर्गा पूजा मंडप प्रांगण में स्थानीय नागरिकों की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में वक्ताओं ने कहा कि स्थानीय विधायक रूपेश गोवाला की पहल पर डूमडूमा को नया स्वरूप देने के उद्देश्य से विभिन्न विकास योजनाएं ली गई हैं, जिनमें प्रस्तावित फ्लाईओवर निर्माण भी शामिल है, लेकिन इससे लगभग तीन हजार लोगों की आजीविका, व्यापार-वाणिज्य और दैनिक जीवन प्रभावित होने की आशंका है।
बैठक में उपस्थित लोगों ने सर्वसम्मति से प्रस्तावित फ्लाईओवर के निर्माण का विरोध करने का निर्णय लिया। साथ ही वर्तमान प्रस्तावित स्थल के बजाय किसी अन्य वैकल्पिक स्थान पर फ्लाईओवर बनाने की मांग की गई। इस संबंध में असम के मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत विश्व सरमा, जिला आयुक्त और डूमडूमा सह-जिला आयुक्त को ज्ञापन सौंपने का निर्णय लिया गया।
स्थानीय लोगों ने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने उनकी समस्याओं और मांगों पर समुचित ध्यान नहीं दिया, तो वे अपने अधिकारों और आजीविका की सुरक्षा के लिए लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन करेंगे। नागरिकों ने सरकार और प्रशासन से अपील की है कि निर्माण से पहले प्रभावित होने वाले करीब तीन हजार लोगों की आजीविका और हितों को ध्यान में रखते हुए वैकल्पिक स्थल निर्धारण पर विचार किया जाए।



