काजीरंगा में हुए दर्दनाक सड़क हादसे के बाद असम सरकार ने सड़क सुरक्षा को लेकर बेहद सख्त रुख अपना लिया है। मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्वा शर्मा के कड़े निर्देशों के बाद पूरे राज्य में यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ अभियान तेज कर दिया गया है। इसका असर असम के प्रमुख औद्योगिक और व्यावसायिक केंद्र तिनसुकिया में भी साफ तौर पर दिखाई दे रहा है, जहां शहर की सड़कों पर पुलिस की सक्रियता अचानक बढ़ा दी गई है और जगह-जगह सघन वाहन जांच की जा रही है।
इसी क्रम में, एसएसपी मयंक कुमार के नेतृत्व में तिनसुकिया पुलिस की एक विशेष टीम ने शहर के विभिन्न प्रमुख इलाकों में ताबड़तोड़ अभियान चलाया। इस दौरान बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चलाने वाले चालकों पर पुलिस की विशेष नजर रही। खास तौर पर उन अभिभावकों को पुलिस ने कड़ी हिदायत दी है जो अपने छोटे बच्चों को बिना हेलमेट के बाइक पर बैठाकर स्कूल ले जाते हैं। प्रशासन का स्पष्ट मानना है कि बच्चों की सुरक्षा के मामले में किसी भी तरह की लापरवाही कतई बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सड़क पर जरा-सी भी लापरवाही किसी हंसते-खेलते परिवार की खुशियों को हमेशा के लिए छीन सकती है। हेलमेट केवल ट्रैफिक पुलिस के चालान से बचने की कोई औपचारिकता मात्र नहीं है, बल्कि यह आपकी अनमोल जिंदगी की सुरक्षा का सबसे अहम साधन है। विशेषकर अभिभावकों का यह कर्तव्य बनता है कि वे बच्चों को दोपहिया वाहन पर यात्रा कराते समय उनकी सुरक्षा से कोई समझौता न करें और उन्हें नियमों का पाठ पढ़ाएं।
कार्रवाई के साथ-साथ तिनसुकिया पुलिस ने आम नागरिकों से एक अपील भी जारी की है। पुलिस प्रशासन ने कहा है कि लोग केवल पुलिस की चालान कार्रवाई या डर से नहीं, बल्कि अपनी और अपने परिवार की बहुमूल्य जिंदगी की कीमत को समझते हुए स्वेच्छा से यातायात नियमों का पालन करें। एक सुरक्षित सफर की नैतिक जिम्मेदारी हर एक नागरिक की है, इसलिए खुद भी सुरक्षित रहें और दूसरों को भी सुरक्षित रहने के लिए प्रेरित करें।



