काजीरंगा के रंगामटी में हाल ही में हुए मर्मस्पर्शी और भीषण सड़क हादसे में अपनी जान गंवाने वाले लोगों की आत्मा की शांति तथा घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना के लिए आज डूमडूमा के गांधी चौक पर एक भव्य श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया।
असम चाय जनजाति छात्र संघ (आट्सा) की डूमडूमा शाखा के नेतृत्व में आयोजित इस श्रद्धांजलि कार्यक्रम में डूमडूमा आंचलिक छात्र संघ, ऑल असम आदिवासी स्टूडेंट्स यूनियन (आसा), ऑल असम ताई आहोम स्टूडेंट्स यूनियन (आटासु) और चाय जनजाति महिला समिति की डूमडूमा आंचलिक समिति ने सक्रिय रूप से सहयोग प्रदान किया।
उल्लेखनीय है कि इस दर्दनाक सड़क दुर्घटना में अकाल ही 26 लोगों की मौत हो गई थी। इस आयोजन में उपस्थित विभिन्न संगठनों के पदाधिकारियों और सदस्यों ने दिवंगत आत्माओं के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए उनकी तस्वीर पर पुष्प अर्पित किए और उनकी आत्मा की चिर शांति के लिए प्रार्थना की। इसके साथ ही, हादसे में घायल हुए लोगों के जल्द से जल्द स्वस्थ होने की कामना भी की गई।
कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित लोगों ने दो मिनट का मौन रखकर मृत आत्माओं की स्मृति में श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान आट्सा के केंद्रीय सदस्य रूपेश तांती, तिनसुकिया जिला अध्यक्ष जगत नायक, डूमडूमा आंचलिक अध्यक्ष इरथ तांती, सचिव यज्ञेश्वर नन्द, डूमडूमा आटुवा अंजलि नायक, डूमडूमा आंचलिक छात्र संघ के सचिव समुज्ज्वल बोरा, सोनोवाल संगठन के सचिव अमृत पाल सिंह, आदिवासी छात्र संघ के अध्यक्ष सुमित तांती व सचिव लोचन तांती, और ताई आहोम छात्र संघ के अध्यक्ष राहुल आरंधरा सहित विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रमुख पदाधिकारी एवं सदस्य-सदस्याएं उपस्थित रहे।



