तिनसुकिया की पहचान और असम के प्रसिद्ध पर्यटन स्थलों में शामिल मागुरी-मोटापुंग बिल पर अब खतरे के बादल मंडराने लगे हैं। देश-विदेश के पक्षी प्रेमियों और पर्यटकों को आकर्षित करने वाला यह खूबसूरत प्राकृतिक स्थल इन दिनों तेल रिसाव की आशंका को लेकर गंभीर चिंता का विषय बन गया है। तेल पाइपलाइन से रिसाव और पानी में तेल मिलने की घटना ने इस बिल के प्राकृतिक वातावरण, जलीय जीवों और यहां आने वाले दुर्लभ पक्षियों की सुरक्षा पर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं।
इस गंभीर मामले को संज्ञान में लेते हुए माकुम के विधायक संजय किसान ने जिला आयुक्त नीलू राम शर्मा सहित जल संसाधन विभाग, वन विभाग और अन्य संबंधित विभागों के अधिकारियों की एक टीम के साथ मागुरी-मोटापुंग बिल का दौरा किया। इस दौरान तेल रिसाव वाले स्थान का बारीकी से निरीक्षण किया गया और बिल को संभावित नुकसान से बचाने के लिए युद्धस्तर पर जरूरी कदम उठाने को लेकर अधिकारियों के साथ उच्चस्तरीय चर्चा की गई।
विधायक संजय किसान ने ऑयल इंडिया लिमिटेड के अधिकारियों को भी इस मामले को पूरी गंभीरता से लेने और तेल रिसाव से पर्यावरण को होने वाले नुकसान को तुरंत रोकने के लिए कड़े निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी कीमत पर इस प्राकृतिक धरोहर और यहां विचरण करने वाले देशी-विदेशी पक्षियों की सुरक्षा के साथ कोई समझौता नहीं किया जाएगा।
इस पूरे मामले से मुख्यमंत्री को भी अवगत करा दिया गया है और एक पत्र सौंपकर प्रसिद्ध मागुरी बिल को हर हाल में सुरक्षित रखने की अपील की गई है। विधायक ने कहा कि क्षेत्र में उद्योगों का विकास जरूरी है, लेकिन हमारी प्राकृतिक संपदा और पर्यावरण की रक्षा भी उतनी ही महत्वपूर्ण है। मागुरी बिल सिर्फ पानी का क्षेत्र या पर्यटन स्थल नहीं, बल्कि हजारों पक्षियों का आशियाना और तिनसुकिया की अमूल्य प्राकृतिक पहचान है।



