देश के अन्य हिस्सों के साथ-साथ आज रंगिया में भी पूरे उत्साह और धार्मिक विधि-विधान के साथ भगवान महावीर जयंती मनाई जा रही है। इस पावन अवसर पर स्थानीय दिगंबर जैन मंदिर से आज सुबह एक विशाल धार्मिक शोभायात्रा निकाली गई। इस शोभायात्रा में हजारों की संख्या में श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया, जिससे पूरी रंगिया नगरी भक्ति के रंग में डूबी नजर आई।
यह शोभायात्रा मंदिर परिसर से शुरू होकर शहर के विभिन्न प्रमुख मार्गों से गुजरी और अंत में वापस मंदिर प्रांगण पहुंचकर संपन्न हुई। महोत्सव के उपलक्ष्य में प्रभात फेरी, अभिषेक, शांतिधारा और आरती जैसे कई आध्यात्मिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इन आयोजनों में समाज के हर वर्ग के लोगों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
मंदिर प्रबंधन समिति के सचिव राज पहाड़िया ने बताया कि महावीर जयंती के अवसर पर शाम को मंदिर परिसर में विभिन्न सांस्कृतिक और आध्यात्मिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। महोत्सव को लेकर रंगिया में चारों ओर हर्षोल्लास का माहौल बना हुआ है और श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखा जा रहा है।



