असम दृष्टि ब्यूरो, माघेरिटा: असम के तिनसुकिया जिले के अंतर्गत माघेरिटा उप-मंडल से एक चौंकाने वाली खबर सामने आई है। यहाँ लीडु पुलिस चौकी के तहत आने वाले शालिकी बस्ती इलाके में खुदाई के दौरान एक शक्तिशाली बम बरामद किया गया है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, यह बम ब्रिटिश काल का बताया जा रहा है।
घटना उस समय हुई जब शालिकी बस्ती के एक स्थानीय निवासी के घर में शौचालय निर्माण के लिए गड्ढा खोदा जा रहा था। मिट्टी की खुदाई करते समय मजदूरों को एक संदिग्ध धातु की वस्तु दिखाई दी, जो बाद में एक बड़े बम के रूप में पहचानी गई। इस खबर के फैलते ही पूरे इलाके में डर और कौतूहल का माहौल बन गया है।
विशेषज्ञों और स्थानीय सूत्रों का अनुमान है कि बरामद किया गया बम द्वितीय विश्व युद्ध (World War II) के समय का हो सकता है। गौरतलब है कि ऊपरी असम का यह क्षेत्र सामरिक दृष्टि से दूसरे विश्व युद्ध के दौरान काफी सक्रिय था। घटना की सूचना मिलते ही सेना और पुलिस का एक संयुक्त दल मौके के लिए रवाना हो गया है ताकि बम को सुरक्षित रूप से निष्क्रिय किया जा सके।



