मार्गेरिटा उप-मंडल के 3 नंबर माकुम पठार स्थित माछेगांव बौद्ध विहार के प्रमुख भिक्षु तथा 15 से अधिक देशी-विदेशी भाषाओं के प्रकांड विद्वान पूज्य ए. पन्नाचारा भिक्षु ने आज प्रातः 5 बजे अंतिम सांस ली। उनके महाप्रयाण का समाचार मिलते ही समूचे क्षेत्र में गहरा शोक व्याप्त हो गया है।
भाषा, साहित्य और संस्कृति के संवर्धन को नई दिशा देने वाले इस महान साधक का सिंफौ भाषा के शब्दकोश की रचना में दिया गया अद्वितीय योगदान सदैव स्मरणीय रहेगा। उनके दूरदर्शी नेतृत्व में ही विहार परिसर में राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर के शिक्षण संस्थान ‘पन्नाचारा विद्यापीठ’ की स्थापना संभव हो सकी थी। ज्ञान, साधना और मानवता की सेवा में जीवन समर्पित करने वाले इस पूज्य धर्मगुरु के देहावसान से क्षेत्र के शैक्षिक और आध्यात्मिक जगत में एक ऐसा शून्य उत्पन्न हो गया है, जिसकी भरपाई असंभव है।
उनके महाप्रयाण का समाचार फैलते ही पूर्वांचल भिक्षु संघ के अध्यक्ष सहित असम और अरुणाचल प्रदेश के अनेक बौद्ध भिक्षु तथा श्रद्धालु बड़ी संख्या में अंतिम दर्शन व श्रद्धांजलि अर्पित करने के लिए विहार पहुंचे।
पूज्य भिक्षु के निधन पर अरुणाचल प्रदेश के उप-मुख्यमंत्री डॉ. चौना मेन, विभिन्न भिक्षु संघों, पूर्वांचल बौद्ध संघ, छात्र संगठनों, सुरभि महिला समिति और बिसा राजा मुंगदांग गाम सिंफौ सहित अनेक गणमान्य नागरिकों एवं सामाजिक संगठनों ने गहरी संवेदना व्यक्त की है।


