असम में विधानसभा चुनावों की आहट के साथ ही विभिन्न निर्वाचन क्षेत्रों में राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है। इसी क्रम में डिगबोई विधानसभा क्षेत्र से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रत्याशी और वर्तमान विधायक सुरेन फुकन ने अपनी जीत को लेकर बड़ा दावा किया है। उन्होंने आत्मविश्वास जताते हुए कहा कि आगामी चुनाव में वे 50,000 से अधिक मतों के अंतर से विजयी होंगे।
विधायक सुरेन फुकन आज बुढ़ीदिहिंग मौजा के दौरे पर थे, जहाँ उन्होंने कुल 15 चुनावी सभाओं में भाग लेकर मतदाताओं से जनसंपर्क किया। इन सभाओं के दौरान भारी संख्या में समर्थक उपस्थित रहे। फुकन ने सरकार की उपलब्धियों को गिनाते हुए कहा कि जनता का समर्थन एक बार फिर भाजपा के पक्ष में है, जिससे उनकी ऐतिहासिक जीत सुनिश्चित है।
चुनावी चर्चा के बीच, विधायक ने हाल ही में सोशल मीडिया पर एक महिला के साथ वायरल हुए उनके कथित वीडियो पर भी अपनी चुप्पी तोड़ी। उन्होंने इसे विरोधियों की ‘गहरी साजिश’ करार दिया। फुकन ने स्पष्ट रूप से कहा, “यह वीडियो मुझे बदनाम करने के लिए सुनियोजित तरीके से फैलाया गया है। मैंने इस मामले में पहले ही कानूनी कार्रवाई का रास्ता अपना लिया है और पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है।”
चुनावी सभाओं में उमड़ी भीड़ और विधायक के आक्रामक रुख ने डिगबोई क्षेत्र में राजनीतिक माहौल को पूरी तरह गरमा दिया है। पार्टी कार्यकर्ताओं में इस दावे के बाद खासा उत्साह देखा जा रहा है।



