असम विधानसभा चुनाव के पहले चरण के लिए 9 अप्रैल को होने वाले मतदान की सुगबुगाहट तेज हो गई है। समय की कमी को देखते हुए मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत विश्व शर्मा खुद चुनाव प्रचार के मैदान में उतर चुके हैं। राज्य में सत्ता बरकरार रखने के लक्ष्य के साथ मुख्यमंत्री ने ‘विजय संकल्प यात्रा’ के जरिए पार्टी कार्यकर्ताओं और जनता में नया जोश भर दिया है।
इसी कड़ी में मुख्यमंत्री ने बुधवार को दो महत्वपूर्ण चुनावी जनसभाओं को संबोधित किया। सबसे पहले उन्होंने लामडिंग विधानसभा क्षेत्र के लंका में भाजपा प्रत्याशी शिबू मिश्र के समर्थन में एक विशाल रैली की। यहाँ उन्होंने जनता से शिबू मिश्र को भारी मतों से विजयी बनाने और राज्य में विकास की गति को बनाए रखने के लिए आशीर्वाद मांगा।
इसके पश्चात, मुख्यमंत्री होजाई निर्वाचन क्षेत्र के राजा गांव पहुंचे, जहाँ उन्होंने भाजपा उम्मीदवार शिलादित्य देव के पक्ष में प्रचार किया। दोनों ही स्थानों पर भारी जनसैलाब उमड़ा, जिससे क्षेत्र में चुनावी माहौल पूरी तरह गर्मा गया है। मुख्यमंत्री ने इन सभाओं में अपनी सरकार की पिछले पांच वर्षों की उपलब्धियां गिनाईं और आगामी कार्यकाल के लिए अपना ‘विजन’ भी साझा किया।
चुनावी रैलियों के दौरान स्थानीय लोगों में काफी उत्साह देखा गया। मुख्यमंत्री के संबोधन और उनकी योजनाओं को लेकर जनता की प्रतिक्रिया सकारात्मक रही। असम दृष्टि से बात करते हुए स्थानीय मतदाताओं ने कहा कि विकास और सुरक्षा उनके लिए मुख्य मुद्दे हैं।
होजाई से जितेंद्र तिवारी की रिपोर्ट।



